14 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा बिलासपुर द्वारा जल संसाधन विभाग परिसर स्थित प्रार्थना सभा कक्ष में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 28 यूनिट रक्तदान किया।

कार्यक्रम में पहुंचे कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि दुर्घटना, गंभीर बीमारी अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में रक्तदान मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होता है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

कलेक्टर और एसएसपी ने शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया तथा उनके योगदान की सराहना करते हुए सम्मानित भी किया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में जिला चिकित्सालय बिलासपुर एवं श्री राम ब्लड बैंक की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष बी.एल. गोयल, सुनील सोन्थलिया, डॉ. राजू अवस्थी, सौरभ सक्सेना, अमरजीत दुआ, आदित्य पांडे, लक्ष्मी नारायण मिश्रा, सुशील राजपूत, मनीष मिश्रा, ममता लहरे, पूजा नौरीश सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने सहयोग प्रदान किया।
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आयोजित इस शिविर ने समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
