14 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सकरी
बिलासपुर:सकरी पुलिस ने चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज कुछ घंटों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सोने-चांदी के जेवर बरामद कर लिए हैं। इस कार्रवाई में डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार साईं नगर उस्लापुर निवासी नीता बघेल ने थाना सकरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह कृष्णा अस्पताल में झाड़ू-पोछा का कार्य करती हैं। 12 जून की रात ड्यूटी पर जाने से पहले उन्होंने अपने घर में ताला लगाया था। अगले दिन सुबह लौटने पर घर का मुख्य ताला टूटा मिला और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात व नगदी गायब थे। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी ने तत्काल विशेष टीम गठित की। घटना स्थल पर एफएसएल टीम एवं डॉग स्क्वॉड को बुलाकर वैज्ञानिक जांच कराई गई।
पुलिस डॉग को घटनास्थल से मिले सुराग सूंघाने पर वह सीधे साईं नगर स्थित संदेहियों के घर तक पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने विकास चतुर्वेदी (24 वर्ष) एवं अमन टंडन (20 वर्ष) से पूछताछ की। प्रारंभ में दोनों पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते रहे, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी चांदी की पायल, दो नग चांदी के कमरबंद, एक जोड़ी सोने के कान के जेवर एवं एक सोने की फुल्ली सहित लगभग 60 हजार रुपये का चोरी गया सामान बरामद कर लिया।
सकरी पुलिस की तत्परता, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम के समन्वय से अपराध दर्ज होने के कुछ ही घंटों में चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 570/2026 के तहत धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई की है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
