14 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन क्लीन हंट” अभियान के तहत ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क पर एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। चौकी खरसिया पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सुभेष अग्रवाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आरोपी आईपीएल समेत अन्य क्रिकेट मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालन और करोड़ों के अवैध लेन-देन से जुड़े गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल 2025 को थाना साइबर और चौकी खरसिया की संयुक्त टीम ने नवीन स्कूल के पास छापेमारी कर अंकित अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से Samsung Galaxy S22 मोबाइल फोन और 21 हजार रुपये नकद बरामद किए गए थे। मोबाइल की जांच में व्हाट्सएप ग्रुप ALLPANELEXCH और ALLPANELEXCH 9-CO के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किए जाने के पुख्ता सबूत मिले थे।
पूछताछ के दौरान अंकित अग्रवाल ने खुलासा किया था कि वह अमित अग्रवाल और सुभेष अग्रवाल के साथ मिलकर ऑनलाइन सट्टा कारोबार संचालित करता था। गिरोह व्हाट्सएप के जरिए सट्टेबाजों से संपर्क कर हार-जीत के दांव लगवाता था और ऑनलाइन माध्यम से रुपये का लेन-देन करता था।
मामले में चौकी खरसिया में अपराध क्रमांक 203/2025 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। मुख्य आरोपी अंकित अग्रवाल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि अमित अग्रवाल और सुभेष अग्रवाल फरार चल रहे थे।
फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सुभेष अग्रवाल (39 वर्ष), निवासी रायगढ़ चौक, खरसिया क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके मेमोरेंडम के आधार पर सट्टा संचालन में प्रयुक्त मोटारोला G60 Pro मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं मामले का एक अन्य आरोपी अमित अग्रवाल अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
