14 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़:ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और हवाला नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत रायगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा सिंडिकेट से जुड़े फरार आरोपी आकाश पंसारी (32 वर्ष), निवासी ऑफिसर कॉलोनी, सक्ती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
आरोपी पर करण चौधरी गैंग के साथ मिलकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन और हवाला नेटवर्क के जरिए रकम के लेन-देन में सक्रिय भूमिका निभाने का आरोप है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में एडिशनल एसपी अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा की निगरानी में साइबर थाना टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी और वित्तीय साक्ष्यों से आकाश पंसारी की संलिप्तता के प्रमाण मिले थे, जिसके बाद वह फरार हो गया था।
साइबर थाना की टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर सक्ती में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी क्रिकेट सट्टा खिलाने के साथ-साथ हवाला चैनलों के जरिए सट्टे की रकम विभिन्न स्थानों तक पहुंचाने में भी सहयोग करता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि रायगढ़, सक्ती, रायपुर, बिलासपुर और दिल्ली तक फैला यह नेटवर्क संगठित तरीके से संचालित हो रहा था। सट्टे से प्राप्त रकम को विभिन्न कारोबारियों, पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर और अन्य व्यावसायिक माध्यमों से कैश डंप कर हवाला नेटवर्क के जरिए आगे भेजा जाता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 60 हजार रुपये कीमत का आईफोन और 5 हजार रुपये कीमत का वीवो मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 217/2026 और 218/2026 में कार्रवाई की गई है।
उल्लेखनीय है कि 26 अप्रैल 2026 को साइबर सेल, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टा नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उस कार्रवाई में लाखों रुपये मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकदी जब्त की गई थी।
रायगढ़ पुलिस अब चैट रिकॉर्ड, कॉल डिटेल, डिजिटल ट्रेल, यूपीआई ट्रांजेक्शन और वित्तीय दस्तावेजों का विश्लेषण कर पूरे नेटवर्क की परत-दर-परत जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि यह केवल सट्टेबाजी नहीं बल्कि एक संगठित आर्थिक अपराध सिंडिकेट का मामला है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
