13 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़:जिले में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष रायगढ़ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री शशि मोहन सिंह ने मासिक अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी तथा प्रशिक्षणरत उप निरीक्षक उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान एसएसपी ने बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के प्रस्तावित जिला निरीक्षण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने थानों और कार्यालयों में अभिलेखों के अद्यतन संधारण तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।

अपराध समीक्षा के दौरान एसएसपी ने नए दर्ज मामलों और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए गंभीर अपराधों की जांच में तेजी लाने तथा गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
जिले में बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए एसएसपी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, साइबर थाना और शहरी थाना प्रभारियों को पुराने वाहन चोरों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने, तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने तथा अवैध कबाड़ कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए उन्होंने थाना प्रभारियों को अन्य जिलों एवं राज्यों में टीम भेजकर “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत अधिक से अधिक गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महिला अपराधों की समीक्षा के दौरान एसएसपी ने महिला थाना की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए स्पष्ट कहा कि महिला संबंधी अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई कर समय-सीमा में अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में बीट आरक्षकों से नियमित फीडबैक लेने, बाजार क्षेत्रों में सशस्त्र जवानों की तैनाती बढ़ाने तथा माइनर एक्ट के तहत अधिकाधिक कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। एसएसपी ने कहा कि बदमाशों की सतत निगरानी और प्रभावी कार्रवाई से अपराधों पर नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब, गांजा, जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए।
नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एसएसपी ने थानों में आवश्यक रजिस्टरों का विधिवत संधारण सुनिश्चित करने तथा नेटग्रिड एवं काईमैक्स पोर्टल के अधिकतम उपयोग पर बल दिया। उन्होंने तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए साइबर एवं सीसीटीएनएस शाखा से समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्रशिक्षणरत उप निरीक्षकों को संबोधित करते हुए एसएसपी ने उन्हें व्यवहारिक अनुभव प्राप्त करने, वरिष्ठ अधिकारियों से सीखने तथा प्रत्येक कार्रवाई में सक्रिय सहभागिता निभाने की प्रेरणा दी। क्राइम मीटिंग के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी ने प्रशिक्षु अधिकारियों की अलग बैठक लेकर उनके प्रशिक्षण की समीक्षा की।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
