13 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘एसईसीएल नारी राग-रंग महोत्सव 2026’ का आज एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में भव्य एवं उत्साहपूर्ण समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसईसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन रहे।

इस अवसर पर एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास तथा श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्षगण श्रीमती अनीता फ्रैंकलिन, श्रीमती इप्सिता दास एवं श्रीमती शुभश्री महापात्र विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्रद्धा महिला मंडल की कार्यकारिणी सदस्याओं, कर्मचारीगण एवं उनके परिजनों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।

महोत्सव के दूसरे दिन समूह गायन, समूह नृत्य, स्टैंड-अप कॉमेडी/मिमिक्री तथा नाटक/स्किट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास से भरपूर प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे समारोह को उल्लास, ऊर्जा और गरिमा से भर दिया।

अपने संबोधन में श्री हरीश दुहन ने कहा कि “नारी राग-रंग महोत्सव का उद्देश्य महिलाओं की छिपी प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें अभिव्यक्ति का सशक्त मंच प्रदान करना है। प्रतिभागियों के उत्साह एवं उत्कृष्ट प्रस्तुतियों ने यह साबित कर दिया है कि यह आयोजन अपने उद्देश्य में पूर्णतः सफल रहा है। भविष्य में भी महिलाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और सृजनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम के सफल संचालन और निष्पक्ष मूल्यांकन में योगदान देने वाले निर्णायकों को भी सम्मानित किया गया।
दो दिवसीय इस महोत्सव ने महिलाओं को अपनी प्रतिभा, कला और सृजनात्मकता को प्रदर्शित करने का प्रभावी मंच प्रदान किया तथा उनके आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति को नई ऊर्जा देने का कार्य किया। महोत्सव का समापन उत्साह, प्रेरणा और महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ हुआ।
