13 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़/पूंजीपथरा
रायगढ़। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत रायगढ़ जिले की पूंजीपथरा पुलिस ने युवती से दुष्कर्म के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर शादी का झांसा देकर युवती का लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने तथा बाद में विवाह से इंकार करने का आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ क्षेत्र की 22 वर्षीय युवती ने 11 जून 2026 को थाना पूंजीपथरा में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि फरवरी 2025 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से सागर सारथी नामक युवक से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को अविवाहित बताते हुए विवाह का प्रस्ताव रखा और लगातार भरोसा दिलाता रहा कि वह उसे पत्नी बनाकर रखेगा।
शिकायत के अनुसार, जुलाई 2025 में आरोपी युवती को तराईमाल स्थित अपने क्वार्टर में ले गया, जहां विवाह का झांसा देकर उसने शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी लंबे समय तक युवती को पत्नी की तरह अपने साथ रखकर उसका दैहिक शोषण करता रहा। इस दौरान युवती गर्भवती भी हो गई।
पीड़िता का आरोप है कि बाद में आरोपी ने उसे घर भेज दिया और जब उसने विवाह व साथ रखने की बात कही तो आरोपी ने खुलासा किया कि उसकी पहली पत्नी पहले से गर्भवती है। आरोपी ने युवती को धमकी भी दी कि यदि उसने विरोध किया तो उसे जान से मार देगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 141/2026 के तहत धारा 69 एवं 351(3) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया। महिला पुलिस अधिकारी द्वारा पीड़िता का बयान दर्ज कर चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा एएसपी अनिल सोनी एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को सिंघल पावर प्लांट लेबर कॉलोनी, तराईमाल से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पीड़िता के साथ प्रेम संबंध और गर्भवती होने की बात स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
सागर सारथी (25 वर्ष)
पिता – हबूचंद सारथी
निवासी – ग्राम चांदागढ़ (तमता), तहसील पत्थलगांव, जिला जशपुर (छत्तीसगढ़)
हाल मुकाम – सिंघल पावर प्लांट लेबर कॉलोनी, तराईमाल, थाना पूंजीपथरा, जिला रायगढ़
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
