13 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन एवं 14 जून को प्रस्तावित गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए विश्व के सबसे बड़े ऑनलाइन योग सत्र में अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला आयुष कार्यालय, बिलासपुर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला आयुष अधिकारी डॉ. यशपाल सिंह ध्रुव ने की।
बैठक में योग दिवस के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान डॉ. ध्रुव ने बताया कि आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 14 जून 2026 (रविवार) को सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक विश्व के सबसे बड़े ऑनलाइन योग सत्र का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आयुष मंत्रालय के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर होगा, जिसमें देश-विदेश के लाखों लोगों के जुड़ने की संभावना है।
उन्होंने जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, शासकीय एवं अशासकीय संस्थानों, स्कूलों, कॉलेजों, स्वयंसेवी संगठनों, योग प्रशिक्षकों और आम नागरिकों को इस अभियान से जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकाधिक जनभागीदारी से भारत इस ऐतिहासिक उपलब्धि को हासिल कर सकता है।
बैठक में यह भी बताया गया कि आयुष मंत्रालय द्वारा टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 जारी किया गया है, जिस पर मिस्ड कॉल देकर नागरिक योग आंदोलन और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अभियान से जुड़ सकते हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
डॉ. ध्रुव ने जानकारी दी कि 17 जून से 21 जून 2026 तक जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में पांच दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आमजन को योग के विभिन्न आयामों, नियमित योगाभ्यास और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही चिकित्सकों एवं योग प्रशिक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में 21 जून को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय एवं स्थानीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में सभी विभागों, संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर डॉ. अजय भारती, डॉ. कोमल सिंह डोटे, डॉ. रश्मि जितपुरे, डॉ. अपर्णा मिश्रा, डॉ. विश्वनाथ पटेल, डॉ. भारती श्रीवास, डॉ. योगेंद्रनाथ चौहान, लिली ठाकुर, रामेश्वर बरगाह, सतीश, हमिदा बेगम, रश्मि पांडे, गोलू तथा अविनाश दुबे सहित आयुष विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में जिला आयुष अधिकारी डॉ. यशपाल सिंह ध्रुव ने जिलेवासियों से अपील की कि वे 14 जून को सुबह 6:15 बजे आयोजित ऑनलाइन योग सत्र में शामिल होकर भारत को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करने में सहयोग दें तथा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लें।
