12 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर। एसईसीएल श्रद्धा महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘नारी राग-रंग महोत्सव 2026’ का शुक्रवार को एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में भव्य शुभारंभ हुआ। महिलाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता, अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में महिला प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन एवं उपाध्यक्षगण श्रीमती अनीता फ्रैंकलिन, श्रीमती इप्सिता दास, श्रीमती हसीना कुमार और श्रीमती शुभश्री महापात्र द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल की कार्यकारिणी सदस्याएं, एसईसीएल कर्मचारी एवं उनके परिजन भी मौजूद रहे।

अपने संबोधन में अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन ने कहा कि “नारी राग-रंग महोत्सव महिलाओं के भीतर छिपी प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें नई पहचान दिलाने का सशक्त मंच है। ऐसे आयोजन महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें नई प्रेरणा और सीख भी प्रदान करते हैं।”
महोत्सव के पहले दिन गीत गायन, एकल नृत्य, मोनो एक्ट, चित्रकला, रंगोली, मेहंदी एवं वेस्ट मटेरियल आर्ट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक अभिव्यक्ति और मंचीय कौशल का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
गीत एवं नृत्य प्रतियोगिताओं में जहां प्रतिभागियों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, वहीं मोनो एक्ट में अभिनय और अभिव्यक्ति की प्रभावशाली झलक देखने को मिली। चित्रकला, रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिताओं में प्रतिभाओं के विविध रंग उभरकर सामने आए। वेस्ट मटेरियल आर्ट प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अनुपयोगी वस्तुओं से आकर्षक और उपयोगी कलाकृतियां तैयार कर पर्यावरण संरक्षण तथा संसाधनों के पुनः उपयोग का संदेश दिया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए संगीत, नृत्य और ललित कला क्षेत्रों के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों को निर्णायक बनाया गया। इस दौरान श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा एवं उपाध्यक्षों ने सभी निर्णायकों का सम्मान भी किया।
महोत्सव का दूसरा और अंतिम दिन 13 जून 2026 को आयोजित होगा, जिसमें समूह गायन, समूह नृत्य, स्टैंड-अप कॉमेडी, मिमिक्री तथा नाटक/स्किट प्रतियोगिताएं होंगी। समापन समारोह में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
