12 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) विजय टांडे के स्थानांतरण के बाद कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने इसे शिक्षा विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि शिक्षा विभाग में कथित अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और मनमानी के खिलाफ लंबे समय से चल रहे संघर्ष की प्रारंभिक सफलता है।

अंकित गौरहा ने कहा कि पिछले कई महीनों से उन्होंने शिक्षा विभाग में युक्तियुक्तकरण, अनुकंपा नियुक्ति, शिक्षकों के अटैचमेंट, पदोन्नति संशोधन तथा विभिन्न प्रशासनिक निर्णयों में कथित अनियमितताओं को लेकर लगातार आवाज उठाई है। उन्होंने इन मामलों से संबंधित दस्तावेजों के साथ कलेक्टर, संभाग आयुक्त, संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई), शिक्षा सचिव तथा शासन स्तर पर कई शिकायतें प्रस्तुत कर तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे और बाबू सुनील यादव के विरुद्ध जांच एवं कार्रवाई की मांग की थी।

गौरहा ने बताया कि हाल ही में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कथित रूप से हाईकोर्ट एवं डीपीआई के आदेशों की अवहेलना कर पदोन्नति संशोधन और पदस्थापना में अनियमितताएं किए जाने की शिकायत भी प्रशासन को सौंपी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि नियमों को दरकिनार कर कुछ शिक्षकों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया, जिसकी निष्पक्ष जांच अभी भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया से लेकर अनुकंपा नियुक्तियों तक कई मामलों में गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। विशेष रूप से अनुकंपा नियुक्तियों में अपात्र व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने संबंधी शिकायतें सामने आई हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होना अभी शेष है।
अंकित गौरहा ने स्पष्ट कहा कि केवल एक अधिकारी का स्थानांतरण ही अंतिम समाधान नहीं है। जिन मामलों में नियमों की अनदेखी हुई है और जिन लोगों ने अनुचित लाभ प्राप्त किया है, उनकी भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, क्योंकि इसका सीधा प्रभाव हजारों शिक्षकों और विद्यार्थियों के भविष्य पर पड़ता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन और प्रशासन शेष शिकायतों पर भी गंभीरता से कार्रवाई करेगा।
— सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
