12 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के छोटे अतरमुड़ा स्थित एक किराये के मकान में संचालित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने महिला दलाल सहित दो ग्राहकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा एवं डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना चक्रधरनगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस को सूचना मिली थी कि छोटे अतरमुड़ा स्थित एक किराये के मकान में महिला गुंजन चौहान द्वारा युवतियों से देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मौके पर भेजा। तय संकेत मिलने के बाद पुलिस टीम ने मकान पर छापेमारी की।

दबिश के दौरान मकान के विभिन्न कमरों से तीन युवतियां और दो पुरुष संदिग्ध अवस्था में मिले। पूछताछ में महिला दलाल ने मकान किराये पर लेकर देह व्यापार संचालित करना स्वीकार किया। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री एवं पाइंटर द्वारा दिए गए 2,500 रुपये नकद बरामद कर जब्त किए गए।
पुलिस ने महिला दलाल गुंजन चौहान सहित नेहरू चौहान और मीर रविउल को गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 300/2026 के तहत धारा 3, 4 एवं 5 अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 में कार्रवाई की है। मामले की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक, एएसआई भागीरथी चौधरी, ज्योत्सना शर्मा सहित साइबर सेल एवं चक्रधरनगर थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
