12 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र के सेंदरी-रतनपुर रोड स्थित सेंदरी बस स्टैंड चौक में देर रात भीषण आग लगने से दो दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बिजली के खंभे से निकली चिंगारी ने आग का रूप लिया और देखते ही देखते आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब 2 से 3 बजे के बीच बिजली के तार से निकली चिंगारी पहले हरिश टायर वर्क्स और पास स्थित गन्ना जूस-कोल्ड ड्रिंक दुकान पर गिरी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और समीप स्थित न्यू वीके ऑटो पार्ट्स एंड सर्विस सेंटर तक फैल गई।

आग लगते ही दुकान के बाहर सो रहे हरिश ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि दमकल वाहन सूचना मिलने के लगभग डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंचा। तब तक दोनों दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
हादसे में दुकान में रखी नकदी, महत्वपूर्ण दस्तावेज, ऑटो पार्ट्स, टायर, मशीनरी तथा दो मोटरसाइकिलें जल गईं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से करीब 21 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया है। आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान के आकलन की जांच की जा रही है।
क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
