13 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/कोरबा विशेष
कोरबा- हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम नेवसा में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब रफीक मोहम्मद नामक युवक तेज बारिश के बीच गांव की पानी टंकी पर चढ़ गया और न्याय नहीं मिलने पर आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी देने लगा।
रफीक मोहम्मद और दीपेश निर्मलकर ने हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें सिरली के पास से पकड़कर थाने ले जाया गया, जहां कथित रूप से मारपीट की गई तथा 23,500 रुपये जबरन ले लिए गए। दोनों युवकों का यह भी आरोप है कि उनसे दबाव बनाकर झूठा बयान लिखवाया गया।
घटना से नाराज रफीक मोहम्मद पानी टंकी पर चढ़ गया और इंसाफ की मांग करते हुए नीचे उतरने से इनकार कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने भी पुलिस पर लोगों को जबरन उठाने और मारपीट करने जैसे आरोप लगाए हैं।
वहीं, हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि दोनों युवकों को क्षेत्र में जुआ फड़ संचालित होने की सूचना के आधार पर पकड़ा गया था तथा उनके विरुद्ध शांति भंग की आशंका के चलते धारा 151 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
फिलहाल प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है तथा युवक को सुरक्षित नीचे उतारने और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं। पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। मामला पुलिस कार्रवाई पर उठे सवालों और युवक के विरोध प्रदर्शन के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है।
✍️प्रधान संपादक ✍️सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️
