13 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। शहर में लगातार बढ़ रही लूटपाट की घटनाओं पर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जोगीडीपा निवासी सन्नी उर्फ प्रकाश कुमार सारथी और शाहीद सारथी ने 10 जून की रात दो अलग-अलग स्थानों पर लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
पहली घटना में चांदमारी निवासी किशन साहू अपने मित्र के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। रात करीब 10 बजे गंगाराम तालाब के पास आरोपियों ने रास्ता रोककर गाली-गलौज की, जेब से नकदी छीनी और विरोध करने पर मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।
इसके कुछ ही घंटों बाद दूसरी वारदात में इंदिरानगर निवासी अभिषेक नागराज को घर के पास रोककर आरोपियों ने चाकू दिखाया, मारपीट की और उसका मोबाइल फोन लूट लिया।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने लूट की वारदातें स्वीकार कर लीं। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई बाइक, मोबाइल फोन तथा लोहे का चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल सहित कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि लूटपाट और आम जनता में भय का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
