
रायगढ़:आईपीएल फाइनल मैच पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नगद, मोबाइल फोन और नोट गिनने की मशीन जब्त की है। “ऑपरेशन अंकुश” के तहत साइबर थाना और खरसिया चौकी पुलिस की संयुक्त रेड में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह से जुड़े तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, आईपीएल फाइनल मुकाबले GT बनाम RCB पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किए जाने की सूचना मिलने पर खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में दबिश दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

रेड के दौरान पुलिस ने गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल उर्फ कालू को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन स्वीकार करते हुए खुलासा किया कि वे अपने साथियों रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा सिंडिकेट संचालित कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक वनप्लस नॉर्ड और एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल जब्त किया, जिनमें ऑनलाइन सट्टे से संबंधित तकनीकी साक्ष्य मिले हैं।
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम एसबीआई बैंक के पीछे स्थित गोपाल राइस मिल कॉलोनी पहुंची, जहां आरोपी साहिल अग्रवाल के घर पर दबिश दी गई। पुलिस को देखते ही साहिल मौके से फरार हो गया, लेकिन वहां छोड़ गए दो बैगों और नोट गिनने की मशीन की तलाशी में 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नगद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, इतनी बड़ी नकदी के संबंध में कोई वैध जानकारी प्रस्तुत नहीं की जा सकी।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा कारोबार संचालित कर रहे थे। मामले में छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गगन अग्रवाल का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। इसी वर्ष मार्च में चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा मामले में उसके खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
गिरफ्तार आरोपी :
गगन अग्रवाल (28 वर्ष), निवासी गंज बाजार, खरसिया
शुभम अग्रवाल उर्फ कालू (30 वर्ष), निवासी गंज बाजार, खरसिया
जप्त सामग्री :
- 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नगद
- दो मोबाइल फोन
- नोट गिनने की मशीन
इस कार्रवाई में खरसिया चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी सहित साइबर थाना एवं पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष भूमिका रही।
