
बिलासपुर:किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने रतनपुर क्षेत्र में उर्वरक एवं कृषि आदान प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान अमानक उर्वरक पाए जाने पर करीब 180 क्विंटल खाद के विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया गया है।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देशानुसार यह कार्रवाई उप संचालक कृषि श्री पी. डी. हथेश्वर के मार्गदर्शन में की गई। निरीक्षण दल में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री संतोष टोंडे तथा कृषि विकास अधिकारी एवं उर्वरक निरीक्षक रतनपुर शामिल रहे।
दल द्वारा सेवा सहकारी समिति चपोरा, महेश्वरी कृषि केंद्र रतनपुर, मेंसर्स गुप्ता ग्रेन मर्चेंट रतनपुर, सेवा सहकारी समिति रतनपुर और उन्नत कृषि सेवा केंद्र रतनपुर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों में अभिलेखों के संधारण एवं भंडारण संबंधी अनियमितताएं पाई गईं, जिसके चलते संबंधित संस्थाओं और विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
निरीक्षण के दौरान मेंसर्स गुप्ता ग्रेन मर्चेंट रतनपुर में भंडारित अमानक उर्वरक एनपीके 20:20:0:13 की लगभग 180 क्विंटल मात्रा पाए जाने पर उसके विक्रय पर तत्काल प्रतिबंध लगाया गया।
उप संचालक कृषि ने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। गुणवत्ताहीन अथवा अमानक कृषि आदानों के विक्रय पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग द्वारा जिले में खाद-बीज की उपलब्धता और गुणवत्ता की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को समय पर बेहतर कृषि सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
