
रायगढ़:जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना जूटमिल और थाना पूंजीपथरा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार और अवैध शराब बिक्री पर प्रहार किया है।
पुलिस के अनुसार, जूटमिल थाना क्षेत्र में केलो पुल के पास जेल कॉम्प्लेक्स स्थित एक किराना दुकान में नाबालिग बच्चों को नशे के लिए सोल्यूशन ट्यूब बेचे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमार कार्रवाई की। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने 2-3 नाबालिग लड़कों को कपड़े में सोल्यूशन लगाकर नशा करते देखा, जो पुलिस को देखकर भाग निकले।
पुलिस ने दुकान संचालक संतोष वाधवानी (57 वर्ष) निवासी बोईरदादर को हिरासत में लेकर दुकान की तलाशी ली। जांच में MAXO BOND ADHESIVE कंपनी के 50 एमएल के 13 नग तथा 10 एमएल के 39 नग सोल्यूशन ट्यूब सहित बिक्री की रकम जब्त की गई। कुल जब्ती लगभग 1555 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नाबालिग बच्चों को प्रिंट रेट से अधिक कीमत पर सोल्यूशन बेचता था, जबकि उसे इस बात की जानकारी थी कि बच्चे इसका उपयोग नशे के रूप में कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जेजे एक्ट की धारा 77 तथा बीएनएस की धारा 123 और 275 के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
वहीं, थाना पूंजीपथरा पुलिस ने गेरवानी केसर जंगल क्षेत्र में शराब रेड कार्रवाई करते हुए 22 लीटर महुआ शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
