16 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़/पूंजीपथरा विशेष….
रायगढ़, 16 मई। रायगढ़ पुलिस ने पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के कटेल टिकरा जंगल में मिले महिला अधिवक्ता के शव मामले में सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतिका के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि शादी का दबाव बनने पर विवाहित प्रेमी ने सुनियोजित तरीके से अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। मामले का खुलासा एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।
मृतिका की पहचान 31 वर्षीय अधिवक्ता आराधना सिदार निवासी ग्राम केकराझरिया, लैलूंगा के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी लोकनाथ पटेल निवासी ग्राम चारपारा, जिला सक्ती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 12 मई को कटेल टिकरा जंगल में एक अज्ञात महिला का नग्न अवस्था में शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर एडिशनल एसपी अनिल सोनी, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, थाना प्रभारी रामकिंकर यादव, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड टीम पहुंची थी। शव की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान थाना चक्रधरनगर में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट से अहम सुराग मिला। घटनास्थल से मिले कपड़े, सैंडल और फोटो के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान आराधना सिदार के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्य और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में एक युवक बाइक पर मृतिका को ले जाते दिखाई दिया। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
पूछताछ में आरोपी लोकनाथ पटेल ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसका आराधना से पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। वह पहले से शादीशुदा था, जबकि आराधना लगातार विवाह का दबाव बना रही थी। इसी विवाद के चलते आरोपी ने हत्या की साजिश रची।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि 10 मई को वह आराधना को बाइक से सक्ती और दमाऊधारा मंदिर ले गया। दोनों रात में सक्ती के एक लॉज में रुके, जहां आरोपी ने फर्जी नाम से कमरा लिया। अगले दिन वह आराधना को सुनसान जंगल में ले गया और पहले गला दबाकर बेहोश किया, फिर पत्थर और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की और शक से बचने के लिए मृतिका के मोबाइल से उसकी बहन और सहेलियों को महिला की आवाज में कॉल भी किए, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतिका का मोबाइल फोन, घटना के समय पहने कपड़े और अन्य अहम साक्ष्य जब्त किए हैं।
