21 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/चकरभाठा
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के लिए 3 मई एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक दिन साबित होने जा रहा है। बिलासा देवी केवट हवाई अड्डा से अब देश की राजधानी दिल्ली के लिए सीधी शाम की फ्लाइट सेवा शुरू होने जा रही है। इस बहुप्रतीक्षित सेवा का संचालन एलायंस एयर द्वारा किया जाएगा।

लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने के साथ ही क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को नई दिशा मिलने जा रही है। नई सेवा के तहत विमान शाम 6:20 बजे बिलासपुर पहुंचेगा और 6:45 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा, जो रात 9:25 बजे दिल्ली पहुंचेगा। शुरुआती चरण में यह फ्लाइट हर रविवार को संचालित होगी, जिसे यात्रियों की संख्या और मांग के अनुसार सप्ताह में दो दिन तक बढ़ाने की योजना है।

इस सुविधा से यात्रियों को दिनभर के कार्य निपटाने के बाद शाम को सीधे राजधानी के लिए रवाना होने का अवसर मिलेगा। खासकर व्यापारियों, शासकीय अधिकारियों और निजी कार्यों से यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह सेवा बेहद सुविधाजनक साबित होगी।

तकनीकी दृष्टि से भी यह पहल महत्वपूर्ण है। दोपहर के उच्च तापमान में होने वाली ‘लोड पेनल्टी’ की समस्या से बचाव होगा, जिससे विमान अपनी पूरी क्षमता के साथ उड़ान भर सकेगा। इसका सीधा लाभ यात्रियों को अधिक सीट उपलब्धता और बेहतर यात्रा अनुभव के रूप में मिलेगा।
यह नई हवाई सेवा न केवल बिलासपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को गति देगी। बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार, पर्यटन और निवेश के नए अवसर खुलेंगे, जिससे क्षेत्र की तरक्की को नया आयाम मिलेगा।
