21 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:भारतीय डाक विभाग बिलासपुर ने डाक सेवाओं को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रोड ट्रांसपोर्ट नेटवर्क (आरटीएन) सेवा का विस्तार किया है। 18 अप्रैल 2026 से जिले के चार प्रमुख क्षेत्रों—लोरमी, जैजैपुर, मरवाही और भैसमा—में इस सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया है।
इस नई पहल के तहत अब रेल डाक सेवा (आरएमएस) बिलासपुर से सीधे सड़क मार्ग के जरिए विभिन्न उप डाकघरों तक डाक का तेज और सुचारु परिवहन सुनिश्चित किया जाएगा। इससे डाक के आदान-प्रदान, ट्रैकिंग और डिलीवरी की गति में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
लोरमी मार्ग में बिलासपुर आरएस, चकरभाठा, बिल्हा, पथरिया, तखतपुर और मुंगेली को जोड़ा गया है। वहीं जैजैपुर रूट में मस्तुरी, जयरामनगर, गोपालनगर, नरियरा, पामगढ़, खरोद, शिवरीनारायण, बिर्रा, बम्हनी बाजार शामिल किए गए हैं। मरवाही मार्ग में सकरी, गनियारी, करगी रोड, बेलगहना, पेंड्रा रोड, पेंड्रा और मरवाही को जोड़ा गया है। इसके अलावा भैसमा रूट में कोनी, रतनपुर, पाली, कटघोरा, पोड़ी उपरोड़ा, जमनीपाली, बालको नगर, कोरबा और भैसमा शामिल हैं।
डाक विभाग के अनुसार, इस नेटवर्क के विस्तार से न केवल पार्सल और स्पीड पोस्ट सेवाएं तेज होंगी, बल्कि स्थानीय व्यापार, छोटे व्यवसायों और ई-कॉमर्स गतिविधियों को भी नया बल मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को अब डाक सेवाओं का अधिकतम और समयबद्ध लाभ मिल सकेगा।
विभाग ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही चंद्रपुर और डब्ल्यूसीएल गेवरा मार्ग पर भी आरटीएन सेवा शुरू की जाएगी, जिससे पूरे क्षेत्र में डाक सेवाओं का दायरा और अधिक व्यापक हो जाएगा।
डाक विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस आधुनिक सेवा का अधिकतम उपयोग करें और डाक तंत्र को और अधिक सशक्त बनाने में सहयोग दें।
