21 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने निजी और सामुदायिक मुद्दों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए।

कलेक्टर ने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल भी उपस्थित रहे और लोगों की शिकायतें सुनीं।
जनदर्शन में कोटा विकासखंड के ग्राम पंचायत छतौना के सरपंच एवं ग्रामीणों ने मुक्तिधाम की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के गंगा राम गोड़ द्वारा उक्त भूमि पर कब्जा किया गया है।

मस्तुरी विकासखंड के ग्राम पंचायत खोरसी की वृद्ध महिला जहाज बाई ने शौचालय निर्माण हेतु आर्थिक सहायता की मांग की। उन्होंने बताया कि घर में शौचालय न होने के कारण उन्हें बाहर जाना पड़ता है और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते वे स्वयं निर्माण कराने में असमर्थ हैं।

इसी तरह ग्राम करमा की त्रिवेणी साहू ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना का लाभ दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि उनके पास स्वयं की कृषि भूमि नहीं है और मजदूरी कर जीवन यापन कर रही हैं।
बिल्हा ब्लॉक के ग्राम केसला निवासी उत्तम रात्रे ने बोर पंप की खराब विद्युत केबल बदलवाने के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि केबल कई स्थानों से कट चुकी है, जिससे करंट फैलने का खतरा बना हुआ है।

ग्राम बिरगहनी के वृद्ध शिवनंदन यादव ने पिछले 4-5 महीनों से बंद वृद्धावस्था पेंशन दिलाने की मांग रखी। वहीं ग्राम चनाडोंगरी के देवसिंह गेंदले ने प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि प्राप्त करने के लिए कलेक्टर से गुहार लगाई।
जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि विवाद, पेंशन, राजस्व एवं विद्युत से संबंधित अनेक आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
