22 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/मस्तूरी
बिलासपुर:जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रिसदा निवासी 65 वर्षीय जीवन नोरगे ने अपनी पत्नी सरस्वती नोरगे की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी थाना में अपराध क्रमांक 241/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (आईपीएस) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रश्मित कौर चावला के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। उप पुलिस अधीक्षक मस्तूरी लालचंद मोहले स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की निगरानी करते हुए जांच शुरू कराई।
एफएसएल टीम और पुलिस की संयुक्त जांच के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने घर में रखी लोहे की कुल्हाड़ी से पत्नी के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी जीवन नोरगे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
