बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के पेण्डारी में 33 केवी बिजली लाइन का 50 से 60 मीटर तार चोरी करने वाले 23 वर्षीय आरोपी को सकरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गया करीब 25 हजार रुपये कीमत का बिजली तार और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AK 1051 जब्त की गई है।
मामले में पेण्डारी निवासी होरीलाल वस्त्रकार (59) ने 12 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रामसागर तालाब के पास से 11 नवंबर की सुबह 33 केवी लाइन का लगभग 50-60 मीटर तार अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। संदेही अमन खाण्डे (23), निवासी पेण्डारी से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार किया और उसकी निशानदेही पर चोरी का तार व मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंदे, सउनि ओंकार बजारे, आरक्षक मनोज बघेल एवं सुनील की सराहनीय भूमिका रही।
