बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गंगानगर में पारिवारिक विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि बहू ने अपनी 57 वर्षीय सास को कोल्ड ड्रिंक में कीटनाशक मिलाकर पिला दिया। जहरीला पेय पीने के कुछ देर बाद सास की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं। अस्पताल में जांच के दौरान उनके शरीर में कीटनाशक की पुष्टि हुई। पुलिस ने मामले में आरोपी बहू को गिरफ्तार कर लिया है।

गंगानगर निवासी रुखमणी ठाकुर ने पुलिस को बताया कि 17 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे वह उपवास पर थीं। इसी दौरान काम से घर लौटी बहू कविता ठाकुर ने उन्हें पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दिया। इसे पीने के बाद उन्हें उल्टी और चक्कर आने लगे। परिजन उन्हें मंगला चौक स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में सिम्स रेफर किया गया। चिकित्सकीय जांच में शरीर में कीटनाशक पाए जाने की पुष्टि हुई।

स्वस्थ होने के बाद पीड़िता ने 2 अगस्त को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। इसी बीच आरोपी बहू पर घर से नकदी और जेवर लेकर मायके चले जाने का भी आरोप है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कविता ठाकुर को गिरफ्तार किया। गुरुवार को न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
