बिलासपुर। शहर में एक ही रात चाकू की नोक पर दो लोगों से मोबाइल लूटने और एक अन्य का मोबाइल झपटने वाले पांच नाबालिगों को सिविल लाइन पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से लूट और झपटमारी के तीन मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और एक बटनदार चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 24 नवंबर की दरम्यानी रात तालापारा बजरंग चौक के पास मोटरसाइकिल सवार युवक को स्कूटी से आए तीन लोगों ने रोककर चाकू दिखाया और उसका ओप्पो मोबाइल लूट लिया। इसी तरह तैयबा चौक के पास अक्षय कुमार गुप्ता से मोटोरोला मोबाइल लूटा गया, जबकि मंगला बाईपास रोड स्थित अमलताश कॉलोनी के पास एक अन्य युवक का मोबाइल झपटकर आरोपी फरार हो गए। लगातार तीन वारदातों से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
लगातार हुई घटनाओं के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लड़के लूटे गए मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पांच नाबालिगों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने तीनों वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। बरामद मोबाइल, स्कूटी और चाकू जब्त कर पांचों विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
