बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर मोबाइल झपटने और उसमें लगे सिम का इस्तेमाल कर फर्जी यूपीआई कोड के जरिए खाते से रकम निकालने वाले तीन आरोपियों को सकरी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान बलराम वर्मा (23), विक्की वर्मा (34) और संदीप वर्मा (32), निवासी गनियारी, थाना कोटा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर की रात करीब 12 बजे अज्ञात आरोपी घर में घुसकर रितिक यादव का मोबाइल झपटकर ले गए थे। इसके बाद मोबाइल में लगे सिम को दूसरे फोन में डालकर फर्जी यूपीआई तैयार किया और खाते से रकम का लेनदेन कर लिया। जांच के दौरान विक्की वर्मा पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों को पीड़िता के खाते में 4-5 लाख रुपये होने की जानकारी थी।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने झपटमारी किया गया मोबाइल, टूटा हुआ सिम और लेनदेन की पूरी रकम बरामद कर ली है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंदे सहित सकरी पुलिस की टीम की सराहनीय भूमिका रही।
