बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के विजयापुरम फेस-01 में तेज रफ्तार और कथित लापरवाही से वाहन चलाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिंद्रा एसयूवी-300 के चालक ने सड़क पर बैठी गर्भवती गाय को टक्कर मारकर कुचल दिया। हादसे में गाय गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। बेजुबान की हालत देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल उपचार की व्यवस्था कराई।

घटना 1 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11:50 बजे विजयापुरम के ई/40 के सामने हुई। शिकायतकर्ता सुनील कुमार गुप्ता के अनुसार, महिंद्रा एसयूवी-300 क्रमांक CG 12 AY 5117 को चला रहे अरविंद तिवारी ने कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बैठी हुई गाभिन गाय को टक्कर मार दी। घटना अभिषेक पाण्डेय, सुमीत तिवारी सहित आसपास मौजूद लोगों ने देखी। इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ता एवं सोसायटी अध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता ने सहयोगियों के साथ पशु चिकित्सक को बुलाकर घायल गाय का उपचार कराया।

शिकायत पर थाना सरकंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 1598/2026 के तहत आरोपी चालक अरविंद तिवारी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(क) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गर्भवती गाय को टक्कर मारने और मौके से चले जाने की इस घटना ने वाहन चालकों की जिम्मेदारी और बेजुबान पशुओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
