बिलासपुर। स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्यस्थल के निर्माण में सफाई कर्मियों के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से एसईसीएल ने रविंद्र भवन, वसंत विहार में सफाई मित्र सम्मान समारोह आयोजित किया। भारत सरकार के कोयला मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत संचालित स्पेशल कैंपेन 6 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारी, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिरंची दास ने सफाई मित्रों के समर्पण और परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्यस्थल के निर्माण में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से स्वच्छता को अपनी दैनिक कार्यशैली का हिस्सा बनाने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। समारोह का प्रमुख आकर्षण लगभग 200 सफाई कर्मियों का सम्मान रहा। मुख्य अतिथि एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि एसईसीएल में 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक स्पेशल कैंपेन 6 चलाया जा रहा है। इसके तहत कार्यालयों और विभिन्न कार्यस्थलों पर स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, अनुपयोगी सामग्रियों के निस्तारण तथा व्यवस्थित कार्य परिवेश के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
