रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोल लेवी स्कैम से जुड़े कथित आर्थिक लेनदेन की जांच के बीच आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में एक साथ छापेमारी की। रायपुर, राजिम, नवापारा, राजनांदगांव और बिलासपुर में अलग-अलग कारोबारियों के ठिकानों पर पहुंची जांच टीमों ने दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल शुरू की।
कार्रवाई के दायरे में सोना-चांदी, कपड़ा, कोयला और रेत कारोबार से जुड़े कारोबारी शामिल बताए जा रहे हैं।
राजिम-नवापारा में सोना-चांदी और कपड़ा कारोबारी राजा पारख व विमल पारख से जुड़े शांति विजय और नवकार ज्वेलर्स प्रतिष्ठानों पर जांच की गई। वहीं, राजनांदगांव में रेत कारोबारी वैभव गोलछा के ठिकानों पर करीब 10 सदस्यीय टीम ने दबिश दी।
बिलासपुर के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में कोयला कारोबारी शाहबाज खान के ठिकाने पर रायपुर से पहुंची आधा दर्जन से अधिक अधिकारियों की टीम ने जांच शुरू की। कई स्थानों पर सुबह से ही दस्तावेजों और कारोबारी गतिविधियों से संबंधित रिकॉर्ड खंगाले जाते रहे।
फिलहाल छापेमारी के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री बरामद हुई है, इसका आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। शुरुआती जानकारी में कार्रवाई को कोल लेवी स्कैम से जुड़े कथित आर्थिक लेनदेन की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि सभी ठिकानों पर कार्रवाई का आधार एक ही है या अलग-अलग जांच के इनपुट पर दबिश दी गई है, यह स्पष्ट नहीं है। EOW-ACB की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही कार्रवाई के वास्तविक दायरे और निष्कर्षों की तस्वीर साफ हो सकेगी।
