बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने स्पेशल कैंपेन 6 के तहत स्वच्छता, स्क्रैप निपटान और रिकॉर्ड प्रबंधन में निर्धारित लक्ष्यों को पार करते हुए महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अभियान के दौरान 225 के लक्ष्य के मुकाबले 226 स्थलों पर स्वच्छता कार्य किया गया और 40 लाख वर्गफुट के लक्ष्य के विरुद्ध 47 लाख वर्गफुट से अधिक क्षेत्र की सफाई की गई। वहीं, 3,300 मीट्रिक टन के लक्ष्य के मुकाबले 4,602 मीट्रिक टन स्क्रैप का निपटान कर कंपनी ने ₹26.17 करोड़ का राजस्व अर्जित किया।

रिकॉर्ड प्रबंधन में भी एसईसीएल ने निर्धारित लक्ष्यों से कहीं अधिक काम किया है। कंपनी ने 500 के लक्ष्य के मुकाबले 2,100 भौतिक फाइलों की समीक्षा की और 872 फाइलों की छंटनी की। इसी तरह, 7,000 के लक्ष्य के विरुद्ध 14,215 इलेक्ट्रॉनिक फाइलों की समीक्षा तथा 3,000 के लक्ष्य के मुकाबले 13,708 ई-फाइलों का निस्तारण किया गया। इन प्रयासों से लंबित मामलों के निपटारे और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को व्यवस्थित बनाने में मदद मिल रही है।

अभियान के तहत एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर सहित विभिन्न संचालन क्षेत्रों में ई-कचरे के संग्रहण और जागरूकता पर भी जोर दिया जा रहा है। मुख्यालय में पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जमा करने के लिए अनुपयोगी सामग्री से ही संग्रहण पात्र बनाया गया है, जो कचरे से उपयोगी संसाधन तैयार करने की पहल को दर्शाता है। स्पेशल कैंपेन 6 का क्रियान्वयन 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इसके माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के बेहतर उपयोग और सुशासन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
