बिलासपुर जिले के कोटा में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू और डंडे से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना 26 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे की है। प्रार्थी अपनी पिकअप गाड़ी बनवाने शिव वेल्डिंग दुकान गया था, तभी कोमल साहू, नितेश साहू और गिरिजा शंकर दुबे वहां पहुंचे। आरोप है कि नितेश ने प्रार्थी को पकड़ लिया और कोमल साहू ने गला काटकर जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से तीन-चार वार किए। प्रार्थी ने हाथ से वार रोकने की कोशिश की, जबकि गिरिजा शंकर दुबे ने डंडे से उसकी पीठ और भुजा पर हमला किया।
मामले में कोटा पुलिस ने कोमल साहू (22), नितेश साहू (26), देवेंद्र साहू (21), तीनों निवासी डोंगरीपारा कोटा, तथा गिरिजा शंकर दुबे (32), निवासी पड़ावपारा कोटा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार चाकू, लकड़ी का डंडा और घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BQ 7102 जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5), 61 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
यह कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, उप निरीक्षक दिलीप साहू, सहायक उप निरीक्षक शिव साहू तथा आरक्षक धर्मेंद्र साहू, सोम कुमार उइके, जलेश्वर साहू और मोहन सिंह ध्रुव की भूमिका रही।
