रायगढ़। किराये के मकान में घुसकर महिला से छेड़छाड़ और उसके पति व बच्चों को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में कोतरारोड़ पुलिस ने संतोष चंद्रा उर्फ मंझला (30) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ग्राम अरसिया, थाना जैजैपुर, जिला सक्ती का निवासी है। रायगढ़ पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान संवेदना के तहत यह कार्रवाई की है।
पीड़िता ने 16 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि करीब एक माह पहले किरोड़ीमलनगर स्थित किराये के मकान में रहने के दौरान आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी। इसके बाद 10 अक्टूबर को आरोपी उसके नए मकान तक पहुंचा और 16 अक्टूबर की सुबह कथित तौर पर घर में घुसकर दोबारा छेड़छाड़ की। विरोध करने पर घटना किसी को बताने की स्थिति में पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
शिकायत पर कोतरारोड़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 396/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 74, 78, 351(3) और 331(3) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पीड़िता और गवाहों के बयान तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध छेड़छाड़, उत्पीड़न और धमकी जैसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा पीड़ित महिलाएं बिना भय के पुलिस को सूचना दें।
