बेमेतरा। ग्राम बेरा में बड़े खजरी तालाब के पास रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे तीन आरोपियों को साइबर सेल और खण्डसरा पुलिस ने पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 11,100 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, पांच मोटरसाइकिल और 52 पत्ती ताश जब्त की। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 2,78,100 रुपये बताई गई है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ लोग मौके से भाग निकले।
पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम बेरा में दबिश दी गई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान देवलाल उर्फ देव कुमार साहू (27), निवासी सेमरिया, टीपू सिंह वर्मा (29), निवासी बेरा और बलराम चौहान (30), निवासी रमपुरा के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा, खण्डसरा चौकी प्रभारी एएसआई कंवल सिंह नेताम और पुलिस टीम ने की।
