18 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
रायगढ़, 18 जुलाई 2026। खरसिया स्थित आलोक इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित इंटर-स्कूल क्विज़ प्रतियोगिता में एसडीओपी प्रभात कुमार पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रतियोगिता में क्षेत्र के पांच विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता और बौद्धिक कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

अपने संबोधन में एसडीओपी प्रभात कुमार पटेल ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान, तार्किक सोच, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा देती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नियमित रूप से होने चाहिए, ताकि विद्यार्थियों के बौद्धिक और आंतरिक विकास को निरंतर प्रोत्साहन मिले तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हो।
उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन को छात्र जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि अनुशासित जीवन ही सफलता की मजबूत नींव रखता है। साथ ही शिक्षा के प्रति समर्पित रहकर लक्ष्य निर्धारित करने और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में एसडीओपी श्री पटेल ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया और सभी प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य विश्वजीत बाबू एवं पूरे विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसी शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
