17 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर: जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। कलेक्टर संजय अग्रवाल और नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने बारिश की परवाह किए बिना छाता लेकर शहर की सड़कों पर पैदल भ्रमण किया और विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों का जायज़ा लिया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने जलभराव वाले इलाकों, नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था तथा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और मैदानी अमले को निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए तथा जरूरतमंद लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राहत एवं बचाव कार्यों में लगे सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ लगातार फील्ड में मौजूद रहें और किसी भी आपात स्थिति का तत्काल समाधान करें।

नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने भी निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जलभराव, नालियों की सफाई और पेयजल व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासनिक अधिकारियों का स्वयं मैदान में उतरकर हालात का जायज़ा लेना यह संदेश देता है कि जिला प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा और राहत कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
