18 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर:साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने पर्यावरण संरक्षण, सतत खनन और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली में आयोजित द टाइम्स इंटरनेट इकोप्रेन्योर्स अवॉर्ड्स 2026 में एसईसीएल को प्रतिष्ठित ‘ग्रीन ट्रांज़िशन लीडरशिप अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने प्राप्त किया।

यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण, वैज्ञानिक खान बंदी, भूमि पुनर्वास, हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने और पर्यावरण-अनुकूल तकनीकों के प्रभावी उपयोग के लिए एसईसीएल द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान है।
एसईसीएल ने परिचालन प्रदर्शन में भी नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 50 मिलियन टन कोयला उत्पादन का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही एसईसीएल, चालू वित्तीय वर्ष में यह उपलब्धि हासिल करने वाली कोल इंडिया लिमिटेड की पहली अनुषंगी कंपनी बन गई है। कंपनी ने पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 9.5 प्रतिशत उत्पादन वृद्धि दर्ज की है।

इस रिकॉर्ड उत्पादन में कोरबा की मेगा परियोजनाओं की अहम भूमिका रही। दीपका परियोजना ने 11.8 मिलियन टन, गेवरा परियोजना ने 11.7 मिलियन टन और कुसमुंडा परियोजना ने 9.7 मिलियन टन कोयला उत्पादन किया। वहीं सीआईसी कोलफील्ड्स ने 8.8 मिलियन टन, रायगढ़ क्षेत्र ने 5.9 मिलियन टन तथा कोरबा क्षेत्र ने 2.1 मिलियन टन उत्पादन कर कंपनी की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि यह सम्मान कंपनी की सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एसईसीएल एक ओर हरित एवं उत्तरदायी खनन को बढ़ावा दे रही है, वहीं दूसरी ओर आधुनिक, सुरक्षित और दक्ष तकनीकों के माध्यम से देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति भी सुनिश्चित कर रही है।
आधुनिक तकनीक, उच्च परिचालन दक्षता और सतत विकास के सिद्धांतों पर कार्य करते हुए एसईसीएल देश की ऊर्जा सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी नए मानक स्थापित कर रही है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
