04 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने और देशभर की उभरती प्रतिभाओं को एक भव्य मंच प्रदान करने के उद्देश्य से संस्कृतिक फाउंडेशन द्वारा 19 से 26 जुलाई तक राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव “हमर छत्तीसगढ़ – द कल्चर ऑफ आर्ट : कलाकारों के सपनों का मंच” का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन की विस्तृत जानकारी बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में संस्था के पदाधिकारियों ने दी।

आयोजकों ने बताया कि यह महोत्सव केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उन हजारों प्रतिभाशाली बच्चों और युवाओं के सपनों को उड़ान देने का प्रयास है, जो कला के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाना चाहते हैं।

महोत्सव में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों से कलाकार भाग लेंगे और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
महोत्सव के दौरान डांस, सिंगिंग, म्यूजिक, इंस्ट्रुमेंटल, ड्राइंग-पेंटिंग, रंगोली, मेहंदी, मॉडलिंग, ब्राइडल मेकअप, फैंसी ड्रेस, स्कूल एग्जीबिशन सहित अनेक आकर्षक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विजेता प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी, मोमेंटो और प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

संस्था ने बताया कि दूर-दराज़ से आने वाले प्रतिभागियों के लिए निःशुल्क आवास एवं भोजन की व्यवस्था भी की गई है, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी किसी भी प्रतिभा के सपनों के बीच बाधा न बन सके।
प्रेस वार्ता में आयोजकों ने अभिभावकों और शहरवासियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि यदि उनके घरों में कला की प्रतिभा छिपी है, तो उसे अवसर जरूर दें। सही मंच मिलने पर वही प्रतिभाएं भविष्य में छत्तीसगढ़ और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकती हैं।
संस्कृतिक फाउंडेशन ने स्पष्ट किया कि “हमर छत्तीसगढ़ – द कल्चर ऑफ आर्ट” किसी एक संस्था का कार्यक्रम नहीं, बल्कि कलाकारों का अपना मंच है, जिसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ की लोक, सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाना है। संस्था ने विश्वास जताया कि बिलासपुर से शुरू हो रहा यह महोत्सव आने वाले वर्षों में देश के प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगा और कलाकारों के सपनों को नई उड़ान देगा।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
