02 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/कोटा
बिलासपुर/कोटा। खेत समतलीकरण के नाम पर किसान से 9 लाख रुपये की धोखाधड़ी और जबरन वसूली करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का कोटा पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से ठगी की पूरी 9 लाख रुपये की राशि भी बरामद कर ली है। खास बात यह है कि सभी आरोपी पहले से रतनपुर के चर्चित बकरी चोरी प्रकरण में भी गिरफ्तार हो चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, श्रीपारा निवासी रामनारायण पोर्ते ने 23 जून 2026 को कोटा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ अज्ञात लोगों ने खेत समतलीकरण का झांसा देकर उससे 9 लाख रुपये की ठगी कर ली और फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस ने धारा 318(4), 61(2), 112, 308, 313 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी पहले से रतनपुर थाना के बकरी चोरी मामले में गिरफ्तार हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर आरोपियों से पूछताछ की गई। पूछताछ में सभी ने खेत समतलीकरण के नाम पर ठगी करने का अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में बबलू खान (57), अमूर खान (66), अमीन खान (41), हबीब खान (35), शाहरुख खान (22) निवासी उमरिया, थाना गोराबाजार, जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश) तथा मोहम्मद अच्छन (33) निवासी रजकपुर, जिला अमरोहा (उत्तरप्रदेश) शामिल हैं। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, सहायक उपनिरीक्षक गोपाल खांडेकर, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक अनिल साहू, शैलेन्द्र साहू एवं सुनील पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
