02 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। बिलासपुर प्रेस क्लब के लोकप्रिय कार्यक्रम “हमर पहुना” में गुरुवार को जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश कुमार सिंह ने अपने जीवन के संघर्ष, पुलिस सेवा के अनुभव और आधुनिक पुलिसिंग की सोच को खुलकर साझा किया। आत्मीय संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि “वर्दी केवल पहचान देती है, लेकिन जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है।”

एसएसपी ने बचपन की यादों को साझा करते हुए बताया कि ग्वालियर में एसपी कार्यालय के पास स्थित स्कूल में पढ़ाई के दौरान पुलिस अधिकारियों को देखकर उनके मन में वर्दी पहनने का सपना जन्मा। रायपुर से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने पहले ही प्रयास में लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर पुलिस सेवा में प्रवेश किया।

उन्होंने बताया कि बिलासपुर पुलिस ने गंभीर अपराधों के मामलों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। 22 अपराधियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाई गई, जबकि अपराध से अर्जित करीब 9.5 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध अभियान के साथ-साथ नशे के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध सबसे बड़ी चुनौती है। इसे देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में “हमर संगवारी” समूह बनाकर लोगों को साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने स्मार्ट पुलिसिंग को जनता के विश्वास, मजबूत सूचना तंत्र और पुलिसकर्मियों के कल्याण से जोड़ते हुए कहा कि पुलिस अस्पताल, कैंटीन और अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है ताकि पुलिसकर्मी बेहतर माहौल में कार्य कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने युवाओं से कानून का सम्मान करने, नशे से दूर रहने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। समारोह के अंत में प्रेस क्लब की ओर से एसएसपी रजनेश कुमार सिंह का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।
