02 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग ने रेंज के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, लंबित एनडीपीएस प्रकरणों, न्यायालयीन समंस-वारंट की तामीली तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के लिए कड़े निर्देश दिए गए।

आईजी श्री गर्ग ने विशेष रूप से एनडीपीएस एक्ट के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन प्रकरणों में आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं, उनके लिए प्रत्येक जिले में अलग कार्ययोजना बनाई जाए। फरार आरोपियों के विरुद्ध जारी वारंटों की शीघ्र तामीली सुनिश्चित करने तथा अंतर्राज्यीय समन्वय बढ़ाकर गिरफ्तारी के प्रयास तेज करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में निर्देशित किया गया कि फरार आरोपियों की जानकारी एनसीबी एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स से साझा की जाए, उनके बैंक खातों, पैन, आधार, मोबाइल, वाहनों एवं अन्य तकनीकी सूचनाओं का विश्लेषण कर कार्रवाई की जाए। साथ ही नेटग्रिड से प्राप्त इनपुट और सह-आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरफ्तारी अभियान को प्रभावी बनाया जाए।
आईजी ने न्यायालयीन समंस एवं वारंट की तामीली में लापरवाही पर भी कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सभी पुलिस अधीक्षकों को स्वयं मॉनिटरिंग कर समयबद्ध तामीली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारी एवं नोडल अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। गंभीर मामलों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गवाही की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान श्री गर्ग ने कहा कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए। विलंब होने पर संबंधित थाना प्रभारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
बैठक के अंत में आईजी श्री रामगोपाल गर्ग ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने, जिलों में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने, सराफा बाजारों एवं पिकेट पॉइंट्स की नियमित जांच जारी रखने तथा अगले माह एनडीपीएस प्रकरणों की पुनः समीक्षा के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
