02 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिले में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसीसीयू और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बाइक चोरी करने वाले दो शातिर चोरों सहित चोरी के वाहन खरीदने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिल एवं स्कूटी बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दुर्गेश निषाद (23) और ईश्वर निषाद (19) निवासी लालखदान केवटपारा, थाना तोरवा शामिल हैं। वहीं चोरी के वाहन खरीदने वाले आशुतोष कुमार मिरी (29) निवासी चुईहापारा, सिरगिट्टी तथा लक्ष्मण विश्वकर्मा उर्फ गोविंदा (29) निवासी लालखदान, तोरवा को भी गिरफ्तार किया गया है।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने बिल्हा, सिरगिट्टी और सिविल लाइन थाना क्षेत्र से तीन अलग-अलग दोपहिया वाहनों की चोरी की थी। इनमें वर्ष 2023 में बिलासा छात्रावास के पास से चोरी की गई एक्टिवा स्कूटी, दगौरी बिल्हा से चोरी की गई मोटरसाइकिल तथा तोरवा क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य बाइक शामिल है।
मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर दोनों मुख्य आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदातों को स्वीकार करते हुए वाहनों को अपने परिचितों को बेचने और स्वयं उपयोग करने की जानकारी दी। आरोपियों की निशानदेही पर तीनों चोरी के वाहन बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन चोरी करने वालों और चोरी का सामान खरीदने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
