21 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 21 जून 2026। बिलासपुर पुलिस ने महिलाओं के गले से सोने की चैन लूटने वाले उड़ीसा के अंतर्राज्यीय अपराधी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के सदस्य उड़ीसा से बिलासपुर आकर स्थानीय सहयोगियों की मदद से शहर में डेरा डालते थे और सुनसान स्थानों पर अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग एवं लूट की वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस के अनुसार 15 मई 2026 को थाना तोरवा क्षेत्र के शिवधाम कॉलोनी में एक महिला अपने घर के बाहर साफ-सफाई कर रही थी, तभी स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने उसके गले से सोने की चैन झपट ली और फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में बिना नंबर की नीले रंग की स्कूटी पर सवार संदिग्ध दिखाई दिए। इसी बीच थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में भी महिला के साथ मारपीट कर चैन लूटने की घटना सामने आई। दोनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों की गतिविधियों का मिलान करने पर पुलिस को एक ही गिरोह के सक्रिय होने की पुष्टि मिली।
तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गणेश नगर सिरगिट्टी में दबिश देकर नवीन साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने अपने उड़ीसा निवासी साथियों को बिलासपुर बुलाकर अपने घर में ठहराया था और सभी मिलकर चैन स्नैचिंग तथा लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने तोरवा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर तीन चैन स्नैचिंग एवं लूट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
विवेचना में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य विभिन्न राज्यों में जाकर स्थानीय संपर्कों के माध्यम से महिलाओं की रेकी करते थे और संगठित तरीके से चैन स्नैचिंग, झपटमारी एवं लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। मामले में पुलिस ने संगठित अपराध एवं आपराधिक षड्यंत्र की धाराएं जोड़कर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि गिरोह के तीन अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी : शिव सिंह (राउरकेला, उड़ीसा), शक्ति प्रसाद (सुंदरगढ़, उड़ीसा), नवीन साहू (सिरगिट्टी, बिलासपुर), प्रमोद सिंह (सुंदरगढ़, उड़ीसा), अतुल मुंडा (उड़ीसा) एवं बसंता खड़िया (संबलपुर, उड़ीसा)।
जप्ती : घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की सफेद रंग की स्कूटी बरामद की गई है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने मोहल्ले अथवा क्षेत्र में बाहर से आकर रहने वाले व्यक्तियों की जानकारी निकटतम थाना को अवश्य दें, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते निगरानी रखी जा सके और अपराधों की रोकथाम हो सके।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
