20जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रत्नपुर
रतनपुर/बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक बदमाश को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लखनीदेवी मंदिर गार्डन के सामने मोटरसाइकिल पर घूम-घूमकर राहगीरों को धारदार चाकू दिखाकर डरा रहा था। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 जून 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक लखनीदेवी मंदिर गार्डन के सामने हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वर्तमान थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम परसराम सतनामी (34 वर्ष) निवासी नवगंवा, थाना कोनी, जिला बिलासपुर बताया।
आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक पंचराम रजक एवं कीर्ति पैकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
— सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
