
बिलासपुर:राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट यूजी पुनः परीक्षा को लेकर बिलासपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार नजर आ रहा है। 21 जून को जिले के 19 परीक्षा केंद्रों में आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा में कुल 7,896 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने केंद्र प्रभारियों को सुरक्षा, गोपनीयता और परीक्षार्थियों की सुविधाओं से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, बैठक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे तथा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
कलेक्टर ने परीक्षा केंद्रों के आसपास कोचिंग संस्थानों, संगठनों या अन्य व्यक्तियों द्वारा किसी भी प्रकार के प्रचार-प्रसार, बैनर-पोस्टर लगाने अथवा परीक्षार्थियों को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर सख्त प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए हैं।परीक्षार्थियों को परीक्षा दिवस पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश पत्र, फोटोयुक्त पहचान पत्र, निर्धारित पासपोर्ट एवं पोस्टकार्ड आकार के फोटो तथा पारदर्शी पानी की बोतल साथ लाना अनिवार्य किया गया है।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचें। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, पेन-पेंसिल, नोट्स, किताबें, बैग, वॉलेट, आभूषण, खाद्य सामग्री एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं परीक्षा केंद्र में ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा।
जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं संबंधित अधिकारियों के समन्वित प्रयासों से नीट यूजी पुनः परीक्षा के सफल और व्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
