
बिलासपुर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण” अभियान के तहत जिले में आयोजित जनकल्याण शिविरों में बड़ी संख्या में हितग्राही पहुंच रहे हैं। 18 से 20 जून तक आयोजित इन शिविरों के माध्यम से शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए शिविरों में नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनका पंजीयन और आवेदन निराकरण किया जा रहा है। शुक्रवार को टाउन हॉल बिलासपुर में आयोजित शिविर का निरीक्षण नगर निगम सभापति विनोद सोनी, कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं एसएसपी रजनेश सिंह ने किया। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जिले में टाउन हॉल बिलासपुर, बिल्हा नगर पंचायत सांस्कृतिक भवन, मस्तूरी सामुदायिक भवन, तखतपुर के प्राथमिक शाला बुटेना तथा कोटा नगर पंचायत सांस्कृतिक भवन में शिविर लगाए गए हैं। शिविरों में आयुष्मान भारत, पीएम स्वनिधी, प्रधान मंत्री आवास योजना तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वल योजना समेत विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त कर उनका निराकरण किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम सभापति विनोद सोनी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र नागरिक योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने लोगों से शिविरों का लाभ उठाने और अपनी समस्याओं व आवेदनों को प्रस्तुत करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों का प्रभावी निराकरण किया गया था और उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभ दिलाना है।शिविरों में आयुष्मान कार्ड निर्माण, उज्ज्वला योजना, पीएम स्वनिधि योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, जिससे लोगों में योजनाओं के प्रति बढ़ती जागरूकता और विश्वास स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
