
रायगढ़। बड़पारा शराब भट्टी के पास राहगीर का सिर फोड़कर मोबाइल और नकदी लूटने वाले तीन बदमाश आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गए। वारदात को अंजाम देकर बेखौफ घूम रहे आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।
लगातार सामने आ रही लूट की घटनाओं के बीच इस कार्रवाई को रायगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।जानकारी के अनुसार बलरामपुर जिले के अखोराखुर्द निवासी राजेश प्रसाद 16 जून को अपने मालिक के निजी कार्य से रायगढ़ आए हुए थे। काम खत्म होने के बाद वह रेलवे स्टेशन रोड स्थित एक होटल में भोजन कर बड़पारा शराब भट्टी की ओर गए। इसी दौरान तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया और पैसों की मांग करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने पहले हाथ-मुक्कों से मारपीट की और फिर एक आरोपी ने पत्थर उठाकर उनके सिर पर हमला कर दिया।हमले से घायल युवक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आरोपी उसकी जेब से 100 रुपये नकद और रेडमी 5जी मोबाइल लूटकर मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना की शिकायत मिलते ही कोतवाली पुलिस हरकत में आई। अपराध दर्ज कर थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया और स्थानीय स्तर पर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।जांच के दौरान पुलिस को नवीन सोनवानी, चंद्रशेखर राठिया और रोशन वैष्णव के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देकर तीनों को हिरासत में लिया।
पहचान परेड में पीड़ित ने तीनों आरोपियों की पहचान कर दी। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने साफ शब्दों में कहा है कि जिले में लूटपाट, मारपीट और आम नागरिकों में भय का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें ताकि अपराधियों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
गिरफ्तार आरोपी
नवीन सोनवानी (20 वर्ष), निवासी बाबाधाम कॉलोनी, चमड़ा गोदाम, थाना जूटमिल, रायगढ़।
चंद्रशेखर राठिया (32 वर्ष), निवासी पंजरी प्लॉट, त्रिमूर्ति मंदिर के पास, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़।
रोशन वैष्णव (28 वर्ष), निवासी गातर खाल्हेन, जेलपारा, थाना जूटमिल, रायगढ़।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
