18 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित एसईसीएल योग महोत्सव 2026 के अंतर्गत गुरुवार को एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में “योगा चिट चैलेंज” का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया।
कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों, विशेषकर महिला कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” के अनुरूप आयोजित इस विशेष गतिविधि में प्रतिभागियों ने योगा चिट बॉक्स से पर्चियां निकालकर उन पर आधारित विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं योग संबंधी चुनौतियों का सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों में उत्साह और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग के योग प्रशिक्षक श्री प्रितपाल सिंह गुंबर ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम की विधियों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार है और इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल किया जाना चाहिए।

पूरे आयोजन के दौरान कर्मचारियों ने ऊर्जा और सकारात्मकता के साथ सहभागिता करते हुए योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों के बीच स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना, कार्यस्थल पर सकारात्मक एवं स्वस्थ वातावरण को प्रोत्साहित करना तथा बेहतर जीवनशैली के लिए योग को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को आकर्षक गुडीज़ वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। एसईसीएल योग महोत्सव 2026 के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक विभिन्न योग आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिनके माध्यम से कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
