18 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/चकरभाठा
बिलासपुर:थाना चकरभाठा पुलिस एवं एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने चाकू की नोक पर लूटपाट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लूट की घटना को अंजाम देकर बिलासपुर से फरार होने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की तत्परता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी सुनील यादव, निवासी ग्राम सेंवार, ने थाना चकरभाठा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सिरगिट्टी स्थित नर्मदा कोल्ड ड्रिंक कंपनी में हाउसकीपिंग का कार्य करता है। 16 जून 2026 की रात करीब 10:30 बजे काम से लौटते समय वह अपनी स्कूटी क्रमांक CG 10 ED 9432 से गांव जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवक उसके पीछे आए और अचानक थप्पड़ मारकर उसे सड़क पर गिरा दिया।
इसके बाद तीनों आरोपियों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसके पास रखे 395 रुपये नकद तथा स्कूटी लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना चकरभाठा एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की गई। तकनीकी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने नयापारा सिरगिट्टी क्षेत्र में रहने वाले दो युवकों एवं एक विधि से संघर्षरत बालक की पहचान की।
पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर तीनों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, लूटी गई 395 रुपये की नकदी तथा लूटी गई प्लेजर मोपेड बरामद कर जप्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश यादव उर्फ रवि यादव (20 वर्ष) एवं रोहन दास (21 वर्ष) निवासी नयापारा सिरगिट्टी के रूप में हुई है। वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। सभी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना अथवा डायल 112 पर दें।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
