18 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़ पुलिस ने वृद्ध महिला के साथ मारपीट और चाकू से हमला करने के मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामभांठा स्थित अंश होटल के पीछे रहने वाली 65 वर्षीय उषा यादव ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका नाती विशाल यादव उर्फ बजरंग यादव शराब पीने का आदी है और अक्सर पैसों की मांग कर विवाद करता है। 16 जून को दोपहर करीब 1:30 बजे आरोपी ने उनसे पैसे मांगे। पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
पीड़िता के अनुसार विवाद के दौरान आरोपी ने चाकू से हमला कर उनकी भुजा के पास चोट पहुंचाई। शिकायत पर थाना कोतवाली रायगढ़ में अपराध क्रमांक 326/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) एवं 115(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
चिकित्सीय परीक्षण के दौरान डॉक्टर द्वारा धारदार वस्तु से चोट लगने की पुष्टि किए जाने पर प्रकरण में धारा 118(1) बीएनएस भी जोड़ी गई। विवेचना के दौरान आरोपी विशाल यादव उर्फ बजरंग यादव (22 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल एवं उनकी टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
