18 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत रायगढ़ पुलिस ने एक महिला सुरक्षा गार्ड से छेड़छाड़ और अश्लील टिप्पणियां करने के आरोपी सिक्योरिटी गार्ड इंचार्ज को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर महिला कर्मचारी को नौकरी से निकालने की धमकी देकर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने और उसके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता फरवरी 2026 से चक्रधरनगर थाना क्षेत्र स्थित एक प्लांट में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है। वहीं गार्ड इंचार्ज के पद पर कार्यरत आरोपी राजा बनर्जी लगातार उस पर गलत नजर रखता था और अश्लील टिप्पणियां करता था। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि 5 मई 2026 को आरोपी ने रजिस्टर चेक कराने के बहाने उसे अपने केबिन में बुलाकर अश्लील बातें कीं और विरोध करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी।
पीड़िता के अनुसार आरोपी उस पर लगातार शारीरिक संबंध बनाने का दबाव भी बना रहा था। इसके बाद 13 जून 2026 को आरोपी ने उसे कॉलोनी स्थित अपने कमरे में सफाई कार्य के बहाने बुलाया। वहां अकेला पाकर उसका हाथ और बांह पकड़कर छेड़छाड़ की। किसी तरह पीड़िता वहां से निकलकर अपने सहकर्मियों और सहेलियों को घटना की जानकारी दी।
महिला थाना रायगढ़ में पीड़िता की शिकायत पर अपराध क्रमांक 60/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था। महिला थाना पुलिस ने लगातार दबिश देते हुए गुरुवार को प्लांट के समीप घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा बनर्जी निवासी आलोक विहार सोसाइटी, टेल्को थाना क्षेत्र, जिला सिंहभूम (झारखंड) तथा वर्तमान निवासी जूनाडीह-जामगांव, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में डीएसपी उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण तथा महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
